Showing posts with label wish. Show all posts
Showing posts with label wish. Show all posts

11 Nov 2012

दीपावली - एक दिया ऐसा हो


सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं 
और एक उम्मीद -


एक दिया ऐसा भी हो , जो

भीतर तलक प्रकाश करे ,

एक दिया मुर्दा जीवन में ,

फिर आकर कुछ श्वास भरे | 


एक दिया सादा हो इतना ,

जैसे साधु का जीवन ,

एक दिया इतना सुन्दर हो ,

जैसे देवों का उपवन | 


एक दिया जो भेद मिटाए ,

क्या तेरा क्या मेरा है ,

एक दिया जो याद दिलाये ,

हर रात के बाद सवेरा है | 


एक दिया उनकी खातिर हो ,

जिनके घर में दिया नहीं ,

एक दिया उन बेचारों का ,

जिनको घर ही दिया नहीं | 


एक दिया सीमा के रक्षक ,

अपने वीर जवानों का ,

एक दिया मानवता-रक्षक ,

चंद बचे इंसानों का | 


एक दिया विश्वास दे उनको ,

जिनकी हिम्मत टूट गयी ,

एक दिया उस राह में भी हो ,

जो कल पीछे छूट गयी | 


एक दिया जो अंधकार का ,

जड़ के साथ विनाश करे ,

एक दिया ऐसा भी हो , जो

भीतर तलक प्रकाश करे ||
.
@!</\$}{
.

13 Oct 2012

बचपन

शायद ही कोई ऐसा होगा जिसे अपना बचपन वापस नहीं चाहिए -

अगर मांग पाता खुदा से मैं कुछ भी ,

तो फिर से वो बचपन के पल मांग लाता |

वो फिर से मैं करता कोई मीठी गलती ,

वो कोई मुझे ; प्यार से फिर बताता |

वो जिद फिर से करता खिलौनों की खातिर ,

वो फिर से मचलता ; झूलों की खातिर |

वो ललचायी नजरें दुकानों पे रखता ,

वो आँखों से टॉफी के हर स्वाद चखता |

वो बचपन के साथी फिर से मैं पाता ,

वो तुतली जुबाँ में साथ उनके मैं गाता |

वो मालूम न होते जो दुनिया के बंधन ,

वो गर पाक हो पाते इक बार ये मन |

मैं फिर से ये गुम-सुम जवानी न पाता ,

अगर मांग पाता खुदा से मैं कुछ भी ,

तो फिर से वो बचपन के पल मांग लाता ||
.
@!</\$}{
.